Header Ads

Breaking News

Nawada News : नवादा के मजदूर का असम में मिला शव, ठेकेदारों पर हत्या का आरोप, शव पहुंचते ही घर_परिवार में मचा कोहराम

  


नवादा के मजदूर का असम में मिला शव, ठेकेदारों पर हत्या का आरोप, शव पहुंचते ही घर_परिवार में मचा कोहराम

नवादा लाइव नेटवर्क।

नवादा जिले के उग्रवाद प्रभावित गोविन्दपुर प्रखंड मुख्यालय बाजार के पोखरपर मोहल्ला निवासी 65 वर्षीय गया राजवंशी का शव असम राज्य में झाड़ी में पाया गया। परिजन मजदूर ठेकेदारों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। मृतक का शव असम पुलिस द्वारा बरामद किया गया है। शव पोस्टमार्टम के बाद गोविन्दपुर पहुंचते ही घर_परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया है।

बताया जाता है कि मृतक गया राजवंशी का पड़ोसी मिट्ठू राजवंशी, नारदीगंज के सुनील राजवंशी और नारदीगंज के परमा गांव के सुनील चौहान ईंट भट्ठा पर मजदूर भेजने का काम करते हैं। 12 अक्टूबर को वे लोग बगैर परिवार के किसी सदस्य को जानकारी दिए गया राजवंशी को रात में लेकर गए। सुबह परिजनों ने घर में न देख खोजबीन करना शुरू किया तो जानकारी मिली कि उसे ईंट भट्ठा पर ले जाया गया है। 15 अक्टूबर को उसकी मौत की सूचना परिवार के लोगों को मिली।

परिवार वालों का कहना है अग्रिम तक का भुगतान नहीं किया। यहां तक कि किसी परिवार को उसे ले जाये जाने तक की सूचना नहीं दी गयी। और तो और मौत की सूचना भी किसी अज्ञात व्यक्ति ने परिजनों को दी। 

मौत की सूचना मिलते ही घर परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी लीला देवी सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया है। परिवार वालों के पास इतनी राशि भी नहीं कि वे शव का अंतिम दर्शन कर सके। 

अफरोजा बनी मसीहा

घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मुखिया और राज्य अल्पसंख्यक आयोग की सदस्य अफरोजा खातुन गरीबों का मसीहा बनकर एकबार फिर मदद के लिए आगे आयी। उन्होंने न केवल असम के संबंधित थाना से बात की बल्कि अपनी निजी राशि से शव को एम्बुलेंस के द्वारा गोविन्दपुर लाने की व्यवस्था की। परिजनों ने गया राजवंशी की हत्या का आरोप लगाते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगायी है।

No comments