Header Ads

Breaking News

Nawada News : रिश्ता तय किसी और लड़की से, दहेज की भूख में शादी कर दी कहीं और


रिश्ता तय किसी और लड़की से, दहेज की भूख में शादी कर दी कहीं और

नवादा लाइव नेटवर्क।

आजकल शादी में भी अजब-गजब का खेल हो रहा है। रिश्ता कहीं लगाया, शादी कहीं और हो गई। यह सब सिर्फ व सिर्फ दहेज की खातिर हो तो कई प्रकार के सवाल खड़े हो जाते हैं। कुछ ऐसा ही एक वाक्या गुरुवार को सामने आया है। बात थाना-पुलिस तक पहुंच गई है। जानिए पूरा माजरा है क्या?

पड़ोस के नालंदा जिले के खुदागंज निवासी स्वर्गीय वालो भगत के पुत्र प्यारे पाल ने अपनी पुत्री की शादी नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के पैंगरी पंचायत की गोड़ापर, बेलदरिया गांव निवासी जनार्दन पाल के द्वितीय पुत्र शालो पाल के साथ तय की थी। शादी के लिए लेन-देन की बात भी हुई थी। बातचीत के अनुसार लड़की पक्ष ने जनार्दन पाल के प्रथम पुत्र के खाते में 31 अगस्त 2021 को 40 हजार रुपये स्थानांतरित किया। इसके बाद 22 दिसंबर 2021 को एक लाख रुपये नकद दिया।

जैसा कि लड़की पक्ष का आरोप है कि दो दिन पूर्व जानकारी मिली कि जनार्दन पाल ने सौदेबाजी कर पुत्र की शादी 16 मई 2022 को दूसरी लड़की से कर दिया। जानकारी के बाद लड़की पक्ष के लोग गांव पहुंचकर कुछ जानना चाहा तो जनार्दन पाल के परिजन गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए। रुपये लौटने से साफ मना कर दिया। परेशान लड़की पक्ष शिकायत लिए वारिसलीगंज थाना पहुंच गए। इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कारवाई की जाएगी।

बता दें कि सूबे की सरकार शराबबंदी व दहेजबंदी के लिए लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। कानून भी सख्त बना है। फिर भी दहेज प्रथा का खात्मा नहीं हो रहा है। लोग रिश्ते की बजाय बच्चों की सौदेबाजी कर रहे हैं। इस वाक्या ने कई तरह के सवालों को जन्म दिया है।

No comments