Header Ads

Breaking News

Nawada News : फ्रंटलाइन पब्लिक स्कूल में 78वां स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मना


फ्रंटलाइन पब्लिक स्कूल में 78वां स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मना

नवादा लाइव नेटवर्क।

फ्रंटलाइन पब्लिक स्कूल आनंद नगर, चातर और नवादा शाखा में में 78वां  स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। सबसे पहले विद्यालय के शिक्षक राहुल कुमार के नेतृत्व में बच्चों ने प्रभात फेरी निकाली। राष्ट्रभक्ति से ओत – प्रोत बच्चों के मुख से भारत माता की जय, वंदे मातरम् और इंकलाब जिंदाबाद का जयघोष सुनकर समस्त क्षेत्रवासी के दिलों में देश प्रेम की भावना जागृत हो उठी।

प्रभात फेरी से लौटने के बाद सभी बच्चे विद्यालय प्रांगण में एकत्रित हुए। प्राचार्य राजेश कुमार भारत माता और स्वतंत्रता सेनानियों की छवि पर माल्यार्पण करने के बाद राष्ट्र ध्वज फहराया। इसके बाद सभी शिक्षक और छात्र विद्यालय के सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए एकत्रित हुए। विद्यालय के छात्र ऋतिक राज पांडेय के वैदिक मंत्रोचार के साथ विद्यालय के चेयरमैन प्रो. विजय कुमार एवं प्राचार्य राजेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। 

अपने संबोधन में कार्यक्रम विद्यालय के चेयरमैन प्रो. विजय कुमार ने कहा की हमारा देश सैकड़ों वर्षों तक गुलामी की जंजीरों में बंधा रहा, लेकिन चंद्रशेखर आजाद , भगत सिंह जैसे मां भारती के अमर सपूतों ने अपने जुनून और जोश से हमें यह सौभाग्य दिया कि हम स्वतंत्र देश में रह सके। पूरी आजादी से अपने देश के स्वाभिमान के प्रतीक तिरंगा के नीचे खड़ा होकर मां भारती की वंदना कर सके। हमारा यह नैतिक कर्तव्य बनता है की हम उन सभी अमर शहीदों के त्याग, तप और समर्पण को सदा याद रखें। उन्होंने कहा की जो जिद , जोश ,उत्साह इन सेनानियों के मन में आजादी प्राप्त करने के लिए था, वही हमारे मन में अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए होना चाहिए। 

प्राचार्य राजेश कुमार ने उपस्थित सभी शिक्षकों और बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज गौरव का दिन है, शौर्य का दिन है, स्वाभिमान का दिन है। उत्सव के साथ साथ आज का दिन उन सभी दिव्य आत्माओं को नमन करने का है जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। हम सभी संकल्प ले की जब भी देश को हमारी जरूरत होगी हम सभी मां भारती की सेवा में उपस्थित रहेंगे। हम कभी कोई ऐसा काम नहीं करेंगे जिससे हमारी मातृभूमि या हमारे देश के स्वाभिमान को ठेस पहुंचे।

 इसके बाद विद्यालय के छात्र छात्राओं ने उपस्थित सभी को मंत्र मुग्ध कर दिया। खुशी पांडेय, मन्तशा फहीम, अर्पिता शर्मा, सिमरन कुमारी, मोनम कुमारी, अंकिता सिंह, सत्यम कुमार, धीरज कुमार, सुमन सौरभ, शुभम कुमार, आशीष कुमार, अंकित राज , अनूप राज, हर्ष राज, रॉकी कुमार आदि विद्यार्थियों ने भाषण , कविता, संगीत, नृत्य इत्यादि विधाओं में अपनी प्रस्तुति दी। 

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के शिक्षक सत्यांशू कुमार ने उपस्थित सभी के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा की इस महान अवसर पर हमें दृढ़ संकल्पित होना होगा की हम मां भारती को उसका वास्तविक स्वरूप और पुरातन पहचान दिलवाएंगे। देश की विविधता को संरक्षित करने हेतु हमें प्रयत्न करना होगा। हमारा पौरुष शेरों से लड़ने का रहा है। हम बुद्ध और गांधी के दर्शन को मानने वाली कौम हैं, लेकिन हमारी अस्मिता पर आंच आई तो हम सिकंदर को भी खाली हाथ वापस लौटाने का माद्दा रखते हैं।

देखें वीडियो...!

 दुनिया वाले भारत को अब सांप और सपेरों को देश न समझे। आधुनिक भारत चांद और मंगल के बाद सूर्य की तरफ कदम बढ़ा चुका है। बदलता भारत कोरोना जैसी भीषण महामारी के विकराल काल खंड में भी न केवल स्वदेशी वैक्सीन बनाकर अपने नागरिकों की सुरक्षा कर सकता है बल्कि वसुधैव कुटुंबकम् की भावना से जीने वाला ये भारत दुनिया के अन्य देशों की मदद करने में सबसे आगे खड़ा रह सकता है। तो आइए हम सभी इस बदलाव में अपने देश का तन मन और धन से सहयोग करें।

 इस कार्यक्रम में करण प्रकाश , विश्व भूषण , सूर्यकांत शर्मा, सुमन कुमार, आसिफ नवाज,  रागिनी शर्मा, शकुंतला कुमारी, नूतन कुमारी, रूपा कुमारी, गजाला अंजुम, नम्रता कुमारी, जया कुमारी आदि शिक्षक – शिक्षिकाओं की भूमिका सराहनीय रही।

नवादा शाखा में भी उत्साह से मना स्वतंत्रता दिवस

दूसरी ओर फ्रंटलाइन पब्लिक स्कूल, नवादा के प्रांगण में भी स्वतंत्रता दिवस बड़ी ही धूमधाम से मनाया गया। विभिन्न वर्ग के बच्चों ने विभिन्न कलाओं का प्रदर्शन किया। शिक्षक आशुतोष कुमार के जोशीले नारे और भाषण से वातावरण गूंज उठा। 

नन्हे कलाकार साध्वी, श्रेया ,आराध्या, समायरा ,निशा, ज्योति, हर्षिका का नृत्य ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। दशम वर्ग के मोहित राज ने भी राष्ट्रीय गीत गाकर अपने कला का अच्छा प्रदर्शन किया और हिमांशु, कन्हैया, जीशान, अभिनव, अंकित, अनीश, आयुष, अंकुश एवं निखिल गुप्ता ने भी अपने कला का प्रदर्शन करते हुए मानव पिरामिड बनाकर तिरंगा लहराया।

 वर्ग 5 के तेजस राज ने हिंदी भाषण प्रस्तुत किया और वर्ग 9 की आकांक्षा कुमारी ने जोशीला भाषण देकर अपने साथियों से इस आजादी को बरकरार रखने का अनुरोध किया। 

विद्यालय के संचालक प्रो. बिजय कुमार ने अपने भाषण में कहा कि हमें अपने विचारों और कर्मों में सच्चाई और न्याय की अनिवार्यता को समझना चाहिए। यही हमारे देश की मूलभूत ताकत है और इसी से हम समझ में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। 

प्रधानाचार्य नवदीप कुमार बच्चों के अच्छे प्रदर्शन देख गदगद हो उठे और कहा की यह सब हमारे सभी शिक्षकों के मेहनत का परिणाम है। इस मौके पर संतोष कुमार, किरण कुमारी, आशुतोष कुमार, गोपाल कुमार, रणजीत सिंह, नीतुल, शिवानी, विनीता आकांक्षा, प्रीति, अर्चना, खुशबू, हीरा कुमार निराला,सत्यम कुमार आदि उपस्थित रहे।



















 

No comments