Sports News : मेन्स हॉकी हीरो एशिया कप-2025 का ’’ट्रॉफी गौरव यात्रा’’ पहुंचा नवादा, हुआ भव्य स्वागत
मेन्स हॉकी हीरो एशिया कप-2025 का ’’ट्रॉफी गौरव यात्रा’’ पहुंचा नवादा, हुआ भव्य स्वागत
नवादा लाइव नेटवर्क।
आगामी 29 अगस्त से 07 सितम्बर 2025 तक राज्य खेल अकादमी राजगीर में आयोजित हो रहे मेन्स हॉकी हीरो एशिया कप-2025 को लेकर सूबे में ’’ट्रॉफी गौरव यात्रा’’ निकाली जा रही है। इस यात्रा का कारवां शनिवार 23 अगस्त को नवादा पहुंचा। जिसका भव्य स्वागत हरिश्चंद्र स्टेडियम में किया गया।
संयुक्त सचिव, खेल विभाग, बिहार, पटना तथा बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के निदेशानुसार राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत करने तथा युवाओं को खेल के प्रति आकर्षित करने के उद्देश्य से सभी जिलों में ’’ट्रॉफी गौरव यात्रा’’ निकाली जा रही है।
हरिश्चन्द्र स्टेडियम में स्वागत कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी, नवादा रवि प्रकाश द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित स्काउट-गाइड की टीम ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके उपरांत उन्होंने त्रिवर्णीय गुब्बारे आकाश में छोड़कर गौरव यात्रा का अभिनंदन किया।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि बिहार में हीरो एशिया कप 2025 का आयोजन हम सभी के लिए गौरव की बात है। बिहार में आयोजित हीरो एशिया कप टूर्नामेंट में आठ देश सम्मिलित हो रहे हैं, जिसमें भारत, चीन, जापान, चाइनीज़ ताइपे, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, कजाकिस्तान और बांग्लादेश शामिल हैं।
उन्होंने पुरानी कहावत “पढ़ोगे-लिखोगे तो बनोगे नवाब, खेलोगे-कूदोगे तो होगे ख़राब” का उल्लेख करते हुए कहा कि इस कहावतबजे मायने अब अब बदल चुके है। आज खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास, भविष्य निर्माण और करियर निर्माण का मजबूत आधार बन चुके हैं।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार द्वारा पंचायत स्तर पर खेल मैदान का निर्माण कराया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक बच्चे खेलों से जुड़ सकें और प्रोत्साहित हों। साथ ही मशाल प्रतियोगिता अंतर्गत खेल प्रतिभा को विकसित करने का कार्य विद्यालयों में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नवादा जिले के बुधौल में बहुउद्देश्यीय हॉल का निर्माण करने का प्राक्कलन भवन निर्माण निगम द्वारा तैयार किया जा रहा है। इसके निर्माण कार्य पूर्ण हो जाने से नवादा में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।
अंत में जिला पदाधिकारी ने भारत की हॉकी टीम को आगामी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन और जीत की शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर अपर समाहर्ता नवादा, गोपनीय शाखा प्रभारी, स्थापना उपसमाहर्ता, जिला खेल पदाधिकारी, बड़ी संख्या में खिलाड़ी, स्कूली छात्र-छात्राएँ एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। पूरे जिले में इस आयोजन को लेकर उत्साह और गर्व का वातावरण देखने को मिला।
No comments