Nawada News : 19 हजार रुपए रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी का बिचौलिया गिरफ्तार, राजस्व कर्मचारी फरार
19 हजार रुपए रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी का बिचौलिया गिरफ्तार, राजस्व कर्मचारी फरार
नवादा लाइव नेटवर्क।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो बिहार कि भ्रष्टाचार निरोधी टीम ने मंगलवार को नवादा जिले के नारदीगंज में बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व कर्मचारी के मुंशी को₹19000 रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपित राकेश कुमार राजस्व कर्मचारी गोपाल कुमार जो कि अंचल कार्यालय नारदीगंज में पदस्थापित है का निजी मुंशी और बिचौलिया बताया जाता है।
निगरानी द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि विष्णु कुमार पिता मनोज सिंह ग्राम_ हंडिया, थाना_नारदीगंज, जिला_ नवादा के द्वारा निगरानी में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि जमीन का दाखिल खारिज करवाने के लिए राजस्व कर्मचारी के स्तर से रिश्वत की मांग की जा रही है।
निगरानी टीम द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। इसके बाद निगरानी थाना में 22 सितंबर 2025 को प्राथमिक कांड संख्या 83/25 दर्ज कर कांड के अनुसंधान का जिम्मा डीएसपी सत्येंद्र राम को सौंपा गया।
कांड के अनुसंधानकर्ता डीएसपी सत्येंद्र राम के नेतृत्व में ही आरोपित की गिरफ्तारी के लिए धावा दल का गठन किया गया। इसके बाद मंगलवार को कार्रवाई की गई। नारदीगंज बाजार में ही ₹19हजार रिश्वत लेते कांड के अप्राथमिक अभियुक्त राकेश कुमार को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार राकेश जिले के रोह थाना इलाके का निवासी बताया गया है।
निगरानी की इस कार्रवाई के बाद अंचल कार्यालय नारदीगंज में हड़कंप मच गया है। निगरानी टीम आरोपित को अपने साथ पटना ले गई है। आवश्यक पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। दूसरी ओर राजस्व कर्मचारी का अतापता नहीं है। सूत्र बताते हैं कि गिरफ्तारी के भय से वह भूमिगत हो गए हैं। बता दें कि कुछ माह पूर्व ही सिरदला अंचल में भी अलग अलग कारवाइयों में दो राजस्व कर्मचारियों की गिरफ्तारी हुई है।
No comments