Modern Campus : दीपोत्सव एवं लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम की दी गई प्रस्तुति
दीपोत्सव एवं लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम की दी गई प्रस्तुति
मॉडर्न समूह के सभी विद्यालयों में आयोजित किया गया छठ पूजन महोत्सव
छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत किया राम के अयोध्या आगमन एवं छठ महापर्व की आकषर्क झांकी
नवादा लाइव नेटवर्क।
मगध क्षेत्र के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान मॉडर्न समूह के द्वारा संचालित मॉडर्न इंग्लिश स्कूल कुंती नगर, मॉडर्न इंग्लिश स्कूल न्यू एरिया, न्यू मॉडर्न इंग्लिश स्कूल न्यू एरिया, मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल हिसुआ ,मॉडर्न चिल्ड्रन स्कूल, मॉडर्न पब्लिक स्कूल एवं मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल नारदीगंज में दीपोत्सव एवं लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम की शानदार प्रस्तुति दी गई।
बीते शनिवार को सभी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के द्वारा लंका पर विजय प्राप्त कर भगवान श्री राम के अयोध्या आगमन पर शानदार झांकी भी दिखाया गया। अयोध्या आगमन पर बच्चों ने पुष्प बरसा कर राम ,लक्ष्मण, हनुमान एवं सीता का स्वागत किया, साथ ही साथ रंगमंच से लेकर पूरे विद्यालय परिसर को दीपक से जगमगाया गया। अयोध्या आगमन पर तीनों माताओं कौशल्या, सुमित्रा ,कैकेयी ने चारों की आरती उतारकर खुशियां लुटाई। बच्चे भगवान राम के नाम का बार-बार जयकार लगाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यार्थियों के एक समूह ने सजे हुए दउरा (बांस की टोकरी) को सिर पर रखकर एक छोटी-सी शोभायात्रा निकाली। छात्राओं ने पारंपरिक परिधान पहनकर छठव्रती (व्रत करने वाले) के रूप में कृत्रिम घाट पर सूर्य देव को अर्घ्य देने के दृश्य का मनमोहक मंचन किया। विद्यालय की ‘संस्कृति क्लब’ के सदस्यों ने प्रसिद्ध छठ गीत, जैसे ‘काँच ही बाँस के बहंगिया’ और ‘केलवा के पात पर’, गाकर वातावरण को उत्साह और भक्ति से भर दिया। तत्पश्चात विद्यालय के बच्चों ने लोक आस्था का छठ महापर्व से जुड़ी मनमोहक झांकी प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया।
कांच ही बांस के बहंगिया बहंगी लचकत जाए जैसे पारंपरिक छठ गीतों से पूरा विद्यालय परिसर गूंज उठा। बच्चों ने सूर्य देव की आराधना, डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा व छठी मइया की पूजा विधि को पारंपरिक वेशभूषा में लोकगीतों पर झांकी के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।छठ महापर्व के महत्व के बारे में उपप्राचार्य सुजय कुमार ने बताया कि हमारा उद्देश्य केवल अकादमिक शिक्षा देना नहीं है, बल्कि बच्चों को अपनी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना भी है।
ऐसे आयोजन से छात्रों में भारतीय मूल्यों के प्रति सम्मान और जागरूकता बढ़ती है। हिंदी शिक्षक मनीष कुमार पांडेय ने विद्यार्थियों को छठ पूजा के ऐतिहासिक और वैज्ञानिक महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि यह पर्व प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने, स्वच्छता और आत्म-अनुशासन का संदेश देता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी विद्यालयों के प्राचार्य उपप्राचार्य एवं शिक्षकों की सराहनीय भूमिका रही। बच्चों की साज सज्जा में कुमारी स्वीटी, स्वीटी कुमारी, माधवी कपूर, कृष्णा सिन्हा ,संजुक्ता सहाय ,विस्मिता साहू ,प्राची कुमारी ,दिव्या कुमारी ,सत्या पांडेय, प्रतिभा कुमारी, लकी कुमारी, हनी कुमारी, नृत्य शिक्षक पुरुषोत्तम कुमार,संगीत शिक्षक पवन कुमार सिन्हा, अनिल विश्वकर्मा सहित सभी शिक्षक गण अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का कार्य किए।कार्यक्रम का समापन छठ मैया और सूर्य देव की सामूहिक प्रार्थना क़े साथ हुआ।
No comments