Header Ads

Breaking News

Modern Campus : महान पर्वतारोही पद्मश्री संतोष यादव पहुंची मॉडर्न स्कूल, बच्चों को प्राकृतिक जीवन जीने के लिए किया प्रेरित



महान पर्वतारोही पद्मश्री संतोष यादव पहुंची मॉडर्न स्कूल, बच्चों को प्राकृतिक जीवन जीने के लिए किया प्रेरित

समारोहपूर्वक आयोजित हुआ मॉडर्न स्कूल में राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह, बच्चों ने अपनी खेल प्रतिभा का हुनर दिखाकर एवं नए नए रिकॉर्ड बनाकर हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को अर्पित की श्रधांजलि

कार्यक्रम में नवादा के हैंडबॉल, रग्बी, क्रिकेट एवं ड्रैगन-बोट आदि खेलों के कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को स्मृतिचिह्न प्रदान करके किया गया सम्मानित

नवादा लाइव नेटवर्क।

भव्य स्टेज एवं रंग-बिरंगी झालरों तथा पताकों से सजा मॉडर्न इंग्लिश स्कूल, कुंतीनगर, नवादा का विशाल खेल-मैदान मंगलवार को कई जबरदस्त एवं ऐतिहासिक खेल मुकाबलों का गवाह बना। अवसर था, हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस राष्ट्रीय खेल दिवस के पावन अवसर पर आयोजित किए गए अन्तर्विद्यालयीय खेल महोत्सव का।

देखें वीडियो...!

 आयोजन में मुख्य अतिथि सह उद्घाटनकर्ता के रूप में प्रसिद्ध पर्वतारोही पद्मश्री संतोष यादव जी ने पधारकर मॉडर्न के खिलाड़ी छात्र-छात्राओं का मनोबल बढ़ाया। 

खेल महोत्सव में मॉडर्न शैक्षणिक समूह नवादा के नवादा, हिसुआ और नारदीगंज आदि शहरों में संचालित स्कूलों- मॉडर्न इंग्लिश स्कूल, मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल, मॉडर्न चिल्ड्रन स्कूल और मॉडर्न पब्लिक स्कूल आदि के चयनित खिलाड़ियों एवं टीमों के बीच क्रिकेट, कबड्डी, खो-खो, हैंडबॉल, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और एथेलेटिक्स (ट्रैक एंड फील्ड) आदि खेलों का फाइनल मुकाबला खेला गया। जिसमें सभी विद्यालयों को मिलाकर अंडर-14, अंडर-16 एवं अंडर-18 संवर्ग में लगभग 500 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर खेल के मैदान में अपना जोशो-खरोश, दमखम और हुनर दिखाया।

     खेल महोत्सव में विद्यालय के बाल-खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने हेतु मुख्य अतिथि पद्मश्री संतोष यादव  के साथ मिलकर मॉडर्न शैक्षिक समूह के निदेशक डॉ अनुज कुमार ने विद्यालय के खेल-मैदान पर शांति का संदेश देते गैस के गुब्बारे उड़ाकर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि को मंच पर आमंत्रित किया गया, जहाँ विद्यालय के प्रचार्य महोदय के द्वारा उनका सम्मान किया गया। उन्होंने अपने संबोधन के दौरान मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित की एवं सभी बाल-खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हमारे समाज के भविष्य अर्थात आप प्यारे बच्चों को अपने देश की संस्कृति, सभ्यता एवं परंपराओं का सही ज्ञान होना आवश्यक है। 

उन्होंने प्राकृतिक जीवन जीने तथा भौतिकतावादी संसाधनों का कम से कम प्रयोग करने की अपील बच्चों से करते हुए उन्हें विज्ञान तथा संस्कृत दोनों का सम्यक अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों को सूती वस्त्र को धारण करने, सात्विक आहार लेने तथा योग करने के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि यह हमारे शरीर के पांच तत्वों की शुद्धि के लिए आवश्यक है और यह विद्यार्थियों की मेधा और प्रतिभा को एक नया आयाम दे सकता है। 

      इस अवसर पर मॉडर्न शैक्षिक समूह के निर्देशक डॉ अनुज कुमार ने कहा कि आज हमारा देश खेल के क्षेत्र में नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। देश में आज खेलकूद के लिए सकारात्मक वातावरण बना है। हमारा विद्यालय प्रारंभ से ही पढ़ाई के साथ साथ खेलकूद के प्रति अत्यंत गंभीर एवं सतत प्रयासरत रहा है। जिसके परिणाम स्वरूप विद्यालय के कई विद्यार्थी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विद्यालय का नाम रोशन करते आए हैं। आप सभी विद्यार्थी भी अपने उज्जवल भविष्य के लिए जी जान से मेहनत करके खेलकूद के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करें। विद्यार्थियों को आदरणीय मुख्य अतिथि को रोल मॉडल बनाना चाहिए और उनसे प्रेरित होकर अपने जीवन में भी सर्वश्रेष्ठ उपलब्धि हासिल करने के लिए प्रयासरत होना चाहिए।

    इस खेल महोत्सव को सम्यक रूप से आयोजित करने के लिए इसके संयोजक राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित प्रसिद्ध खेल शिक्षक अलखदेव प्रसाद के संरक्षण में बिहार स्टेट लेवल क्रिकेट के पैनल अंपायर राकेश रंजन के साथ हैंडबॉल के कोच नीतीश कुमार ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खेल महोत्सव के एक से बढ़कर एक मुकाबले में बच्चों ने अपनी खेल प्रतिभा का बेहतरीन जलवा दिखाया और ढेर सारे पुराने रिकॉर्ड को ध्वस्त कर नए-नए रिकॉर्ड बनाए। 

  मुख्य अतिथि पद्मश्री संतोष यादव की गरिमामयी उपस्थिति में विद्यालय के निदेशक एवं प्राचार्य के द्वारा हैंडबॉल के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कनक कुमार, खुशबू कुमारी रग्बी फुटबॉल के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी आरती कुमारी, ड्रैगन बोट खेल की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी काजल कुमारी, क्रिकेट की राष्ट्रीय खिलाड़ी मुस्कान कुमारी, रग्बी की राष्ट्र स्तरीय खिलाड़ी रितु कुमारी को स्मृति चिन्ह प्रदान करके सम्मानित किया गया।

 तत्पश्चात सीबीएसई क्लस्टर एवं जोनल खेल प्रतियोगिता में 100 मी फर्राटा दौड़ एवं 4×100 मीटर बाधा दौड़ में गोल्ड मेडल जीतने वाले मॉडर्न स्कूल के खिलाड़ियों अवधेश कुमार, प्रियांशु, आकाश कुमार, उज्जवल एवं विवेकानंद को स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया गया। सीबीएसई राष्ट्र स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने वाली बालिका टीम की जानवी, प्रेमलता, साक्षी, शिवांगी गौरी, वैष्णवी, सिमरन, करिश्मा, विद्या बाला एवं अवनी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

 इसके बाद कबड्डी की उपविजेता बालिका टीम के श्वेता आनंद, प्रेमलता, प्राची नंदा, कृति, आकांक्षा आनंद, सपना, सलोनी रंजन, इशिका कश्यप, ज्योति, कोमल, स्वेच्छा, सम्मी आदि को भी स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। सीबीएसई जोनल प्रतियोगिता में खो-खो की उपविजेता बालक टीम के प्रियांशु, प्रीतम, उज्जवल भारती, सिद्धार्थ, अमन राज, हिमांशु, विवेकानंद, रोशन राज, आनंद राज एवं ओमप्रकाश को स्मृति चिन्ह प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। इनके अलावा विद्यालय स्तरीय विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सैकड़ो खिलाड़ियों को ट्राफी एवं मैडल से पुरस्कृत किया गया। 

उपस्थित अतिथिगण एवं दर्शकों ने सभी खेलों का खूब आनंद उठाते हुए सभी विजेता एवं उपविजेता टीम एवं उनके खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन की खूब प्रशंसा की एवं तालियां बजा बजाकर उनका खूब उत्साहवर्धन भी किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सभी विद्यालयों के खेल शिक्षकों के साथ अन्य सभी शिक्षकों का योगदान अत्यंत सराहनीय रहा।




















No comments