Header Ads

Breaking News

Breaking News : 16 लाख रुपये गबन के मामले में फंसे कौआकोल के पूर्व रेंजर मानवेन्द्र नाथ चौधरी, प्राथमिकी दर्ज

16 लाख रुपये गबन के मामले में फंसे कौआकोल के पूर्व रेंजर मानवेन्द्र नाथ चौधरी, प्राथमिकी दर्ज

गया के वन संरक्षक के आदेश पर की गई कार्रवाई

नवादा लाइव नेटवर्क। 


नवादा जिले के कौआकोल वन प्रक्षेत्र के रेंजर रहे मानवेन्द्र नाथ चौधरी के विरुद्ध रविवार को कौआकोल थाना में 16 लाख रुपये गबन की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। वर्तमान रेंजर संजय कुमार के द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्राथमिकी गया अंचल के वन संरक्षक एस. सुधाकर के आदेश व वन प्रमंडल पदाधिकारी नवादा संजीव रंजन के निर्देश के बाद दर्ज कराई गई। वन क्षेत्र पदाधिकारी द्वारा प्राप्त आवेदन के आधार पर कौआकोल थाना में थानाध्यक्ष राजेश कुमार के द्वारा विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी कांड संख्या-240/22 दर्ज की गई है। आरोपित रेंजर अब सेवानिवृत हो चुके हैं।

क्या है आरोप 


तत्कालीन रेंजर श्रीचौधरी पर दो अलग-अलग योजनाओं में 16 लाख 46 हजार 706 रुपये की निकासी की गई थी। उक्त राशि से सम्बंधित लेखा समर्पित नहीं किया गया था। ऐसे में गबन का मामला मानते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई। दर्ज प्राथमिकी में उल्लेखित किया गया है कि तत्कालीन रेंजर श्री चौधरी के प्रभार काल में वित्तीय वर्ष 2021-22 के दौरान 2406 योजना शीर्ष अंतर्गत विभिन्न विभागीय कार्यों के संपादन हेतु वन प्रमंडल,नवादा के द्वारा 7 लाख 10 हजार 36 रुपये अग्रिम राशि उपलब्ध कराई गई। वहीं दुर्गावती शीर्ष अंतर्गत विभिन्न विभागीय कार्यों के संपादन के लिए नवादा वन प्रमंडल द्वारा 9 लाख 36 हजार 670 रुपये वन अग्रिम राशि कुल-1646706 रुपये दिए गए थे।

पत्राचार का नहीं मिला जवाब 


-रेंजर द्वारा प्राप्त राशि राशि खर्च कर सम्बंधित लेखा विभाग को समर्पित नहीं किया गया। लेखा समपर्ण हेतु वन प्रमंडल पदाधिकारी के द्वारा कई बार पत्राचार भी किया गया। परन्तु उनके द्वारा लेखा समर्पित नहीं किये जाने से सी० एफ० एम० एस० प्रणाली में डी० सी० विपत्र की प्रविष्टि नहीं की जा सकी। जिसके कारण विभागीय कार्यों के सम्पादन हेतु राशि निकासी बाधित हो गई। इस परिस्थिति में वन संरक्षक एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी ने इस कृत्य को सरकारी राशि का गबन मानते हुए रेंजर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया।

No comments