Header Ads

Breaking News

Political News : भाजपा का मिशन 2024: नवादा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी, नियुक्त हुए संयोजक और प्रभारी, चंदन सिंह का क्या होगा...

 


भाजपा का मिशन 2024: नवादा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी, एक्सरसाइज शुरू, नियुक्त हुए संयोजक और प्रभारी, चंदन सिंह का क्या होगा

नवादा लाइव नेटवर्क।

पिछले लोकसभा चुनाव में नवादा की सीट भाजपा ने लोजपा को सौंप दी थी। नवादा भाजपा की परंपरागत सीट रही है। 2019 में परिस्थिति ऐसी बनी की लोजपा जैसे आधारविहीन दल को यह सीट भाजपा ने दे दी। तब एनडीए में शामिल लोजपा की सीटिंग सीट मुंगेर जदयू और भाजपा की सीटिंग नवादा लोजपा के खाते में गई थी। यहां के सांसद गिरिराज सिंह बेगूसराय भेज दिए गए थे। नवादा सीट भाजपा द्वारा छोड़ने का मलाल यहां के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को था। 

इस बार परिस्थितियों में बदलाव हुआ है। लोजपा दो गुटों में बंट चुकी है। पार्टी के सर्वमान्य नेता रामविलास पासवान का निधन हो चुका है। ऐसे में लोजपा को यह सीट देने की बजाय भाजपा खुद चुनाव लड़ने की तैयारी में जुट गई है। इसके लिए पार्टी नेताओं की सक्रियता बढ़ गई है। 

 


पार्टी नेतृत्व ने लोकसभा और विधानसभा स्तर पर अपने प्रभारी और संयोजक की नियुक्ति कर दी है। पार्टी के विधायक, पूर्व विधायकों के साथ वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को अहम जिम्मेवारियां दी गई है। हिसुआ के पूर्व विधायक अनिल सिंह लोकसभा के संयोजक बनाए गए है। वारिसलीगंज विधायक अरूणा देवी को वारिसलीगंज, पूर्व विधायक कन्हैया रजवार रजौली, प्रदेश  मंत्री डॉ पूनम शर्मा को बरबीघा, गोविंदपुर में अनिल मेहता, हिसुआ में माहमंत्री रामानुज कुमार, नवादा में अशोक चौहान को संयोजक का जिम्मा दिया गया है। 

 नवादा लोकसभा क्षेत्र में शेखपुरा जिले का बरबीघा विधानसभा भी शामिल है। ऐसे में नवादा व शेखपुरा जिला के अध्यक्षों व जिला प्रभारियों को भी जिम्मा दिया गया है। राज्य सभा के सांसद राकेश सिन्हा का कार्यक्रम हो चुका है। आने वाले दिनों में और बड़े नेताओं का कार्यक्रम होना है। बूथ स्तर तक प्रबंधन की तैयारी है।

पार्टी के जानकार बताते हैं कि भाजपा मिशन 2024 के लिए राष्ट्रीय स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी है। कुछ ऐसे लोकसभा को चिन्हित की है जहां पार्टी का जनाधार रहा है,कभी चुनाव जीती भी है। कतिपय कारणों से पिछला चुनाव नहीं लड़ी थी। इस श्रेणी में बिहार की कुल 4 सीटों को रखा गया है। जिसमें नवादा, वैशाली, बाल्मीकिनगर और किशनगंज की सीटें शामिल है।

पार्टी के नवादा जिलाध्यक्ष संजय कुमार मुन्ना बताते हैं कि लोकसभा चुनाव की तैयारियों को ले लोकसभा प्रवास कार्यक्रम के नवनियुक्त प्रदेश संयोजक ओमप्रकाश यादव द्वारा लोकसभा और विधानसभा स्तर पर संयोजक और प्रभारी की नियुक्ति की गई है। 

आगे के कार्यक्रम भी तैयार हैं। 1-15 जुलाई के बीच केंद्रीय मंत्री राउ साहब दानवे 5 दिनों के प्रवास पर नवादा में रहेंगे। केंद्रीय मंत्री के प्रवास कार्यक्रम को ले 01 जुलाई को पहली बैठक होगी। जिसमें सभी प्रभारी और संयोजक के साथ ही लोकसभा कोर कमेटी के सदस्य शामिल होंगे। 

 


लोजपा का क्या होगा

जब भाजपा ही नवादा से चुनाव लड़ेगी तो लोजपा का क्या होगा, चर्चाएं शुरू हो गई है। बाहुबली सूरजभान सिंह के भाई चंदन सिंह सीटिंग सांसद हैं। इस संबंध में जब भाजपा नेताओं से बात की जाती है तो कोई साफ बात करने से परहेज करते हैं। एक पार्टी पदाधिकारी ने कहा कि नेतृत्व के निर्देश पर हम चुनाव लड़ने की तैयारियों में जुट गए हैं। उम्मीदवार कौन होगा यह साफ नहीं है। चुनाव के वक्त उम्मीदवार नेतृत्व द्वारा तय किया जाएगा। जहां तक बात चंदन सिंह की है तो वे बेहतर बता पाएंगे। वैसे भी उनकी पार्टी का भविष्य आने वाले चुनाव तक कैसा रहेगा इसका इंतजार करना होगा।

बहरहाल, आने वाले दिनों में क्या होता है, हमारी नजर इन राजनीतिक गतिविधियों पर होगी। जो भी अपडेट होगा नवादा लाइव के माध्यम से आपके पास पहुंचाते रहेंगे।

देखिए किसे मिला क्या जिम्मा

नवादा लोकसभा

ई. रविशंकर- प्रभारी

अनिल सिंह- संयोजक


राजौली विधानसभा

दयानंद गिरी-प्रभारी

कन्हैया रजवार-संयोजक


हिसुआ विधानसभा

प्रवीण यादव-प्रभारी

रामानुज कुमार-संयोजक


नवादा विधानसभा

कृष्णनंदन पासवान-प्रभारी

अशोक चौहान-संयोजक


गोविंदपुर विधानसभा

विजय कुमार पांडेय-प्रभारी

अनिल मेहता- संयोजक


वारिसलीगंज विधानसभा

विजय पांडेय- प्रभारी

अरुणा देवी- संयोजक


बरबीघा विधानसभा

नंदकिशोर चौरसिया-प्रभारी

डॉ पूनम शर्मा- संयोजक



No comments