दोपहर से रात तक नवादा में बजता रहा श्रीराम व हनुमान का डंका
नवादा लाइव नेटवर्क।
बजरंग बली हनुमान..., तेरा जग में डंका बज रहा। राम जी की निकली सवारी..., आदि भक्ति गीतों से मंगलवार को पूरा नवादा शहर राममय हो गया। मौका था रामनवमी के अवसर पर शोभायात्रा का। दिन भी मंगलवार का था, सो पूरा शहर बजरंगी वेशभूषा वालों से पट गया था।
शहर के 13 स्थानों से शोभायात्रा निकली थी। बजरंग दल और विभिन्न संगठनों की ओर से आयोजित शोभायात्रा में रामभक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। राम दरबार की मनमोहक झांकियां लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। हनुमान का वेश धारण किए युवा श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन करते रहे। शहर के पार नवादा तेली टोला, गया रोड देवी स्थान, न्यू एरिया, मिर्जापुर, मालगोदाम, रामनगर आदि मोहल्ले से जुलूस निकाला गया। पुरानी बाजार की मनमोहक झांकियों ने सबको आकर्षित किया। नेतृत्व बजरंग दल व विहिप के जितेंद्र प्रताप जीतू, कैलाश विश्वकर्मा आदि कर रहे थे।
शोभायात्रा में भगवान श्रीराम की विशाल प्रतिमा आकर्षण का केंद्र रही। जिस रास्ते से प्रतिमा गुजर रही थी, लोग शीश झुका कर आशीर्वाद ले रहे थे। अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमा भी शोभायात्रा को आकर्षक बना रहा था।
शोभायात्रा में भाजपा के पूर्व विधायक अनिल सिंह भी शामिल हुए। न्यू एरिया से निकली शोभा यात्रा में वे शामिल रहे। भोजपुरी सिंगर गुंजन सिंह ने बुंदेलखंड थाना के बगल में बने मंच से जय श्री राम का जयघोष किया। उनके साथ सेल्फी लेने की भी होड़ मची रही।
जुलूस में महावीरी पताके के साथ ही तिरंगा खूब लहराया गया। वंदे मातरम के नारे भी खूब गूंजे। जुलूस में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का क्रेज दिखा। उनका वेश धारण किए युवा जुलूस में लोगों का अभिवादन करते दिखे। जुलूस में ढोल, भांगड़ा के साथ ही बैंजो की धुन पर लोग थिरकते नजर आए।
गोविंदपुर विधायक मो. कामरान द्वारा श्रद्धालुओं की सेवा की गई। उन्होंने बोतल बंद पानी की व्यवस्था की थी। पार नवादा के रजौली बस स्टैंड स्थित निःशुल्क पेयजल वितरण शिविर में उपस्थित विधायक मो. कामरान ने कहा कि यह पाक महीना है। रामनवमी और रमजान इसी महीने में एक साथ मनाया जा रहा है। धर्म कोई भी हो मानव की सेवा को प्रेरित करता है।
जिला चित्रांश एसोसिएशन की ओर से प्रजातंत्र चौक समाजसेवी मनीष कुमार सिन्हा, मंशु सिन्हा की देखरेख में शिविर लगाया गया। जहां पानी शर्बत की व्यवस्था थी। भारत विकास परिषद, अहिबरन जन कल्याण समिति द्वारा भी पेयजल व बिस्किट की व्यवस्था की गई थी।
डीएम यश पाल मीणा, एसपी डीएस सावलाराम सहित सदर एसडीएम उमेश कुमार भारती, एसडीपीओ उपेंद्र प्रसाद खुद सड़क पर दिखे। जुलूस पर ड्रोन कैमरे से नजर रखी जा रही थी। 18 भवनों की छतों से जुलूस की वीडियोग्राफी कराई गई।
शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए शहर के कई स्थानों पर सेवा शिविर लगाया गया था। शर्बत-पानी, बिस्किट आदि की व्यवस्था की गई थी।
सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जुलूस मार्ग के ढाई किलोमीटर की दूरी में 75 से अधिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी व जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। बड़ी संख्या में एसएसबी, स्टेट रैफ, स्वाट, जिला पुलिस बल, होमगार्ड जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। शांतिपूर्ण जुलूस आयोजन के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।
 |
न्यू एरिया के जुलूस में शामिल महिलाएं |
 |
जुलूस में शामिल पूर्व विधायक अनिल सिंह | |
 |
कमांडों के साथ योगी बाबा |
 |
तिरंगा लहराते उत्साही लोग |
 |
विधि व्यवस्था का जायजा लेते डीएम-एसपी |
 |
लोगों को पानी देते विधायक मो. कामरान |
No comments