Header Ads

Breaking News

Nawada News : मानसिक विकृतियों से हो रहा मानवता का पतन: देवकीनंदन भारद्वाज

मानसिक विकृतियों से हो रहा मानवता का पतन: देवकीनंदन भारद्वाज

 
नवादा लाइव नेटवर्क। 


नवादा के श्रीकृष्ण मेमोरियल काॅलेज के समीप आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में प्रवचन करते हुए राष्ट्रीय कथा वाचक देवकीनंदन भारद्वाज जी महाराज ने कहा कि मानसिक विकृतियाें से मानवता का पतन हो रहा है। सनातन संस्कृति को अपने आचरण में लाकर सत्य, प्रेम, करूणा, दया को अपनाकर मानव जीवन को सफल बनाने की जरूरत है। 


उन्होंने महाभारत की कथा सुनाते हुए कहा कि जब मनुष्य का विनाश का समय आता है तो गुरु गोविंद की वाणी उसे अच्छी नहीं लगती है। भगवान कृष्ण शांति दूत बनकर हस्तीनापुर पहुंचे थे। पांडवों-कौरवों के विवाद को सुलझाने का प्रयास किया। लेकिन कौरवों ने भगवान के वचन को नहीं समझा। धन के अहंकार और पद की लालच के कारण पाप पर पाप करते चला गया। परिणाम महाभारत में कौरवों की पराजय हुई। सत्य मार्ग पर चलने वाले पांडवों की विजय हुई। 

 


कहा कि धन और पद के लालच में अच्छा रिश्ता व पवित्र मित्रता दोनों टूटता जा रहा है। इसलिए मनुष्य सत्य कर्म पर चलकर मानवता की रक्षा करें। सत्य परेशान होता है, लेकिन पराजित नहीं। मनुष्य को विपरीत समय में भी धर्म और कर्म को नहीं छोड़ना चाहिए। हजारों की संख्या में श्रद्धालु कथा प्रवचन का श्रवण कर रहे हैं। कथा के बीच-बीच में राधे-राधे की जयघोष से पूरा माहौल भक्तिमय हो रहा है। 


बता दें कि रविवार को सात दिवसीय श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हुआ। 24 अप्रैल से शुरू हुआ यज्ञ 30 अप्रैल तक चलेगा। शुभारंभ के पूर्व कलश यात्रा निकाली गई थी। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं सिर पर कलश रखकर नगर भ्रमण में शामिल हुई थी। यज्ञ प्रारंभ होने से शहर का माहौल भक्तिमय बना हुआ है।

No comments