Header Ads

Breaking News

Political News : नवादा राजद जिलाध्यक्ष के नाम का एलान जल्द, उदय यादव रेस में आगे

  


नवादा राजद जिलाध्यक्ष के नाम का एलान जल्द, उदय यादव रेस में आगे

नवादा लाइव नेटवर्क।

नवादा जिला राजद के नए अध्यक्ष का एलान जल्द हो जाएगा। फिलहाल कार्यकारी अध्यक्ष उदय यादव(मुखिया) रेस में आगे चल रहे हैं। शुक्रवार को नवादा में जिला राजद की बैठक हुई।


 जिलाध्यक्ष चुनाव को लेकर बाईपास में होटल पिंक गार्डन के सभा हॉल में आयोजित बैठक में जिला चुनाव पदाधिकारी ऋतु जायसवाल और सहायक चुनाव पदाधिकारी डीके यादव मौजूद रहे। 

देखें वीडियो, सुने ऋतु जायसवाल ने क्या कहा_

दोनों चुनाव पदाधिकारियों की मौजूदगी में उपस्थित सभी प्रखंड अध्यक्षों ने मात्र एक नाम उदय यादव का प्रस्ताव दिया। जिसके बाद चुनाव पदाधिकारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

 मीडिया से मुखातिब ऋतु जायसवाल ने कहा कि कार्यकर्ताओं की बातें सुनी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद अधिकृत किए गए हैं। रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपी जाएगी। उनके द्वारा ही जिलाध्यक्ष के नाम का एलान किया जाएगा। 

दिलचस्प रहा की बैठक में पार्टी के कोई विधायक शामिल नहीं हुए। जबकि जिले से 3 एमएलए राजद के ही हैं। बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष उदय यादव, रामचंद्र यादव, अखिलेश सिंह सहित सभी प्रखंड अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। अध्यक्षता पार्टी नेता गौतम कपूर ने की।


बता दें कि पार्टी संगठन के कार्यक्रमों से नवादा विधायक विभा देवी, रजौली विधायक प्रकाश वीर पूरी तरह से अलग चल रहे हैं। गोविंदपुर विधायक की सक्रियता रहती है, लेकिन पूरी तरह से नहीं।


स्थानीय निकाय के एमएलसी चुनाव के वक्त से ही नवादा विधायक पूरी तरह से अलग चल रहीं हैं। विधायक के भतीजे अशोक यादव पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी श्रवण कुशवाहा के खिलाफ निर्दलीय चुनाव मैदान में उतर गए थे। वे चुनाव जीत भी गए। लेकिन, नेतृत्व से रिश्ते अबतक मधुर नहीं हो पाए हैं। ऐसे में संगठन पूरी तरह से विधायक के कब्जे से दूर हो गया है।

एमएलसी चुनाव में बगावत के समय तक जिलाध्यक्ष रहे महेंद्र यादव अलग कारणों से पार्टी के अधिकृत और बागी दोनों प्रत्याशियों से दूरी बना रखे थे। हाल के दिनों में विधायक परिवार के साथ सुलह हो गया है। वे नवादा विधायक के साथ दिख रहे हैं, लेकिन जिलाध्यक्ष की कुर्सी वापस मिल पाएगी, संदेह बना हुआ है। वजह, पानी काफी वह चुका है।

एमएलसी चुनाव में पार्टी प्रत्याशी के साथ ईमानदारी से रहे मुखिया उदय यादव को वफादारी का इनाम कार्यकारी अध्यक्ष का पद देकर दिया गया था। उन्होंने सदस्यता अभियान में पूरी सक्रियता दिखाई। ऐसे में पुर्णकालिक जिलाध्यक्ष के नाम पर मुहर नेतृत्व द्वारा लग जाए तो कोई आश्चर्य नहीं होगा।

No comments