Header Ads

Breaking News

Political News : काम रोजगार मांगने वालों पर सरकार बरसा रही लाठियां, बदलना होगा बिहार : चिराग



काम रोजगार मांगने वालों पर सरकार बरसा रही लाठियां, बदलना होगा बिहार : चिराग 

 नवादा लाइव नेटवर्क।

नवादा जिले के पकरीबरावां प्रखण्ड के बुधौली दुर्गा मंदिर परिसर में शनिवार को लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह जमुई सांसद चिराग पासवान ने एक सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बिहार बदहाली के कगार पर है। यहां के युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। लोग जब अपने हक और अधिकार के लिए सड़कों पर उतर रहे हैं तो उन्हें लाठियां खानी पड़ रही है। 

किसान जब खाद की मांग अथवा अन्य मुआवजे की मांग करते हैं तो उन पर लाठियां बरसाई जाती है। बुजुर्गों को स्वास्थ्य सुविधा के लिए दूसरे प्रदेश जाना पड़ता है। सवालिया लहजे में उन्होंने कहा कि आखिर आजादी के इतने वर्षों बाद भी बिहार पिछड़ा क्यों हैं? वर्षों तक राज करने वाले सत्ताधारी पार्टी क्यों नहीं बिहार का विकास कर रहे हैं?

देखें वीडियो...


विधि व्यवस्था पर उठाए सवाल

वर्तमान सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बिहार में किये गए विकास के पांच कार्य ही गिना दें। बिहार में अपराध चरम पर है। लोग घरों से बाहर निकलने में डरते हैं। पता नहीं किस अपराधी की गोली का शिकार हो जाएं। अगर गोली का शिकार नहीं भी हुए तो जहरीली शराब से उनकी मौत हो जाएगी। बिहार में सुशासन का केवल ढ़िढोरा पीटा जा रहा है। अब समय आ गया है कि आगामी चुनाव में हम बिहार में विकास के लिए इनसे मुक्ति पाएं। हमें बिहार को बदलने का एवं उसे विकास की राह पर ले जाने का संकल्प लेना होगा। 

मंच का संचालन अंबेडकर जागृति मंच के अध्यक्ष आसो पासवान ने किया। अध्यक्षता ललन पासवान ने किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मनोज सिंह, राष्ट्रीय प्रवक्ता धीरेन्द्र कुमार मुन्ना, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अयोध्या पासवान, राजेन्द्र प्रसाद साहू, प्रदेश सचिव प्रो. विष्णुदेव पासवान, लोजपा नेता उत्तम पासवान, समाजसेवी टुनटुन पासवान, राजू पासवान, सोनू पासवान, पैक्स अध्यक्ष सुबोध विश्वकर्मा, नागेश्वर पासवान, शिवालक पासवान सहित अन्य उपस्थित थे।

भव्य स्वागत के बीच बाबा साहेब की प्रतिमा का किया अनावरण

बुधौली के मंगर चौक के पास चिराग पासवान ने बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने जमीनदाता पैक्स अध्यक्ष सुबोध विश्वकर्मा की प्रशंसा की। कार्यक्रम के संयोजक ललन पासवान की सराहना की। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने जिस समाज की स्थापना की उसमें सभी एकता के सूत्र में बंधे थे। वर्तमान सरकार उन आदर्शों को दरकिनार कर समाज को बांटने का काम कर रही है। 

किया मातमपुर्सी

अपने दौरे के क्रम में वे पकरीबरावां बाजार निवासी हार्डवेयर व्यवसायी सुरेंद्र प्रसाद वर्मा के आकस्मिक निधन पर उनके आवास पर पहुंचकर दिवंगत के पुत्रों एवं परिवार वालों को ढांढस बंधाया। इसके बाद वे कचना मोड़ पहुंचें जहां लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। महनाजीतपुर मोड़ सहित अन्य कई जगहों पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत हुआ।







No comments