Header Ads

Breaking News

Nawada News : भारत सरकार के अपर सचिव आलोक शेखर पहुंचे नवादा, विकास और कल्याणकारी योजनाओं की हुई समीक्षा, गांवों का भी किया भ्रमण

  

केंद्रीय अपर सचिव को बुके देते डीएम आशुतोष कुमार वर्मा

भारत सरकार के अपर सचिव आलोक शेखर पहुंचे नवादा, विकास और कल्याणकारी योजनाओं की हुई समीक्षा, गांवों का भी किया भ्रमण

नवादा लाइव नेटवर्क।

   भारत सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के अपर सचिव सह नवादा जिले के केंद्रीय प्रभारी आलोक शेखर नवादा पहुंचे। उन्होंने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित डीआरडीए सभागार में आकांक्षी जिला के अन्तर्गत कृत कार्याें के संबंध में समीक्षात्मक बैठक किया।

    बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, वित्त, कौशल विकास, आईसीडीएस आदि के द्वारा योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में समीक्षा की गई।

 अपर सचिव ने कहा कि केन्द्र सरकार के द्वारा पिछड़े जिले को विकास में भागीदारी करने के लिए आंकांक्षी जिला के तहत् चयन किया गया है। जिसके विकास के लिए तेजी से काम किया जाना आवश्यक है। पकरीबरावां प्रखंड में जन प्रतिनिधियों से संवाद हुआ जो विकास के कार्याें में गति लायेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आकांक्षी जिला के तहत किये गए कार्याें के बारे में पैरामीटर के संबंध में जानकारी प्राप्त किया।

डीडीसी दीपक कुमार मिश्रा ने पीपीटी के माध्यम से विभिन्न विभागों के द्वारा जिले के विकास में किये गए कार्याें के संबंध में विस्तृत जानकारी दिया।

   इसके तहत् कुल 49 इंडिकेटर पर विमर्श किया गया। पिछले वर्ष आकांक्षी जिला के तहत जल जीवन सुरक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। लेकिन अभी रैंक पीछे चला गया है। अपर सचिव ने सभी अधिकारियों को रैंक को ठीक करने के लिए कई आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और पोषण में रैंक को उपर लाने की आवश्यकता है। 

      सिविल सर्जन डॉ. राम कुमार प्रसाद ने कहा कि दो माह के अन्दर शत-प्रतिशत कर लिया जायेगा। जिले में सेक्स रेशियो के घटते दर पर चिंता व्यक्त की। जुलाई 2023 में सेक्स रेशियो 854 था। सिविल सर्जन ने बताया कि अवैध रूप से संचालित अल्ट्रासाउन्ड संस्थाओं पर लागातार छापेमारी की जा रही है और 11 दुकानों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। हिसुआ और वारिसलीगंज में सबसे अधिक छापामारी की गयी है।

  अपर सचिव ने कहा कि संस्थागत प्रसव मात्र 54 प्रतिशत कराया गया है, जो लक्ष्य के अनुरूप नहीं है। उन्होंने शत्-प्रतिशत महिलाओं का संस्थागत प्रसव कराने के निर्देश दिये। नवजात बच्चे के वजन को बढ़ाने के लिए भी स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिये। टीवी उन्मूलन के लिए लक्ष्य के अनुरूप जांच का दायरा बढ़ाने का निर्देश दिया गया।  शिक्षा में जिले का संतोषजनक स्थान है। सभी विद्यालयों में शौचालय की व्यवस्था की गयी है। उनहोंने इलेक्ट्राॅनिक लिंकेज, मार्केट, मंडी स्थापना के लिए आवश्यक निर्देश दिये। 

          उन्होंने कहा कि हेल्थ और वित्त मामले में विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। आकांक्षी जिला के तहत दिये गए आवंटन को बेहतर तरीके से सदुपयोग करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश अधिकारियों को दिये। अपर सचिव ने कहा कि इसके तहत कई बार जिले का स्थान प्रथम रहा है, जिसको आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।

 डीएमबीआशुतोष कुमार वर्मा ने कहा कि अपर सचिव का कई क्षेत्रों में मार्गदर्शन मिला है। उन्होंने कहा कि आकांक्षी जिला के तहत बेहतर परिणाम लाने के लिए आवश्यक कदम उठाया जायेगा। सभी अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य करना होगा। 

    बैठक में निदेशक डीआरडीए राजीव कुमार, संतोष कुमार सुमन जिला कृषि पदाधिकारी, अनीष भारती जिला योजना पदाधिकारी,  सत्येन्द्र प्रसाद डीपीआरओ, संजय कुमार जिला कल्याण पदाधिकारी के साथ-साथ जिला स्तरीय पदाधिकारी आदि उपस्थित थे। 

पकरीबरावां में कई कार्यक्रमों में हुए शामिल

          इसके पूर्व अपर सचिव ने आकांक्षी प्रखंड पकरीबरावां के विकास कार्यों का निरीक्षण किया और तेजी से विकास के लिए कई मार्गदर्शन दिया।

  कृषक महाविद्यालय धेवधा में स्थानीय जन प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों के साथ संवाद, मध्य विद्यालय, डोला का भ्रमण एवं विद्यालय के बच्चों के बीच पौधे का वितरण, डोला गाॅव में पान उत्पादक, किसान समूह से संवाद एवं पान बरेजा का भ्रमण किया। डोला गांव में स्वच्छता दल को अपर सचिव एवं जिलाधिकारी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

 इसके पूर्व जन प्रतिनिधियों ने अपर सचिव, जिलाधिकारी, उप विकास आयुक्त आदि पदाधिकारियों को बुके देकर सम्मानित किये। जन प्रतिनिधियों से उन्होंने प्रखंड और पंचायतों के विकास से संबंधित सुझाव और फिडबैक प्राप्त किया। प्रखंड विकास पदाधिकारी पकरीबरावां ने स्मृति चिन्ह भेंट किया। उन्होंने पीपीटी के माध्यम से पकरीबरावां प्रखंड के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

 जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में कुल 14 प्रखंड हैं, जिसमें पकरीबरावां को आकांक्षी प्रखंड के रूप में चयन किया गया है, जिसका बेहतर विकास करना है। चुनौतियों को अवसर में बदला जायेगा और सभी पंचायतों में विकास की गंगा बहायी जायेगी।

    अपर सचिव ने कहा कि हर गाॅव और हर टोले का विकास इसके माध्यम से तेजी से होगा। उन्होंने कहा कि कार्य योजना बनाएं और विकास के लिए जुट जायें। विकास ही हमारा फोकस है। उन्होंने कहा कि विकास यहां काफी हुआ है और उसको आगे बढ़ाने का प्रयास रहेगा जिसमें आपलोगों का भी सहयोग जरूरी है। 

केन्द्र सरकार के द्वारा चयनित प्रखंडों में तेजी से विकास करने के लिए आकांक्षी के तहत चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि आपसे काफी सहयोग की अपेक्षा है। 

     कार्यक्रम में स्थानीय मुखिया, जिला परिषद के सदस्य जन प्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। 

  इसके उपरान्त उकौड़ा पंचायत के डोला उत्क्रमित मध्य विद्यालय में जाकर बच्चों से पठन-पाठन के बारे में बड़े प्यार से पूछा। अंग्रेजी और गणित से प्रश्न किया जिसका बच्चों ने सही-सही उत्तर दिया। उन्होंने शिक्षकों को भी काफी लगन और मेहनत के साथ बच्चों को पठ़ाने के लिए कई टिप्स दिये। इसके उपरान्त फलदार पौधे विद्यार्थियों के बीच अपर सचिव, जिलाधिकारी और उप विकास आयुक्त ने वितरण किया। अपर सचिव ने विद्यालय परिसर में आंवला का पौधारोपण कर जल जीवन हरियाली का संदेश विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को दिया।

  डोला गांव में पान उत्पादक किसानों से संवाद स्थापित किये और उनके पान के बरेजा के अन्दर जाकर उनकी समस्याओं के बारे में निकट से जाना। 

 सत्येन्द्र चैरसिया ने बताया कि पान का बाजार नहीं रहने से हमलोगों को उचित दाम नहीं मिल पाता है। बनारस पकरीबरावां के मगही पान के लिए प्रसिद्ध है। लेकिन ताजा पान के पत्तों को भेजने में काफी वक्त लग जाता है जिससे घटा की संभावना बनी रहती है। उन्होंने पान के पत्ते का सुरक्षित भंडारण गोदाम एवं शीत गाड़ी उपलब्ध कराने के लिए मांग की। 

No comments