Header Ads

Breaking News

Nawada News : 1898 कंबल जरूरतमंदों के बीच वितरित, 104 से अधिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था

 


1898 कंबल जरूरतमंदों के बीच वितरित, 104 से अधिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था

नवादा लाइव नेटवर्क।

बढ़ते ठंड के मद्देनजर डीएम नवादा आशुतोष कुमार वर्मा के निर्देश पर जिला आपदा प्रबंधन शाखा, नवादा के  तत्वावधान में सार्वजनिक स्थानों पर नियमित तौर पर अलाव जलाया जा रहा है। पंचायतों में कंबल का वितरण किया गया है तथा विभिन्न स्थलों पर रैन बसेरों/आश्रय घरों का संचालन किया जा रहा है। इसके साथ ही वरीय अधिकारियों द्वारा ठंड से बचाव कार्यों का लगातार अनुश्रवण किया जा रहा है। 

आपदा प्रभारी विकास कुमार पांडे ने बताया कि सभी अंचल अधिकारी के द्वारा चिन्हित स्थलों पर लगातार अलाव की व्यवस्था की गई है।

अनुमंडल पदाधिकारी नवादा और रजौली भी समय-समय पर रात्रि में निकलकर अलाव स्थलों, रैन बसेरों का निरीक्षण करते हैं तथा लोगों से फ़ीडबैक लेते हैं। चौक-चौराहों, बाजारों, रैन बसेरों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अस्पताल सहित भीड़-भाड़ वाले स्थलों पर अलाव जलाया जा रहा है।

 बुधवार को जिले के 104 से अधिक स्थलों  पर अलाव जलाया गया। सभी अंचल अधिकारियों को उनके क्षेत्र अंतर्गत मुख्य स्थानों पर अलाव की व्यवस्था का जिम्मा दिया गया है।

जिला सूचना जनसंपर्क अधिकारी सत्येंद्र प्रसाद ने बताया कि सभी रैन बसेरा में एक रजिस्टर भी है, जहां आश्रय लेने वाले लोग अपना फीडबैक दे सकते हैं। रैन बसेरा में आमजन के लिए निःशुल्क रहने की व्यवस्था की गई है। सभी रैन बसेरों में कार्पेट , चौकी, गद्दा, चादर, तकिया, पीने का पानी आदि सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

ज़िलाधिकारी के निर्देश पर दोनों अनुमंडल अधिकारी के द्वारा कंबल का क्रय कर कुल 1898 कंबल सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को उपलब्ध करा दिया गया है। 

श्रीमती अर्पणा झा सहायक निदेशक समाजिक सुरक्षा कोषांग ने बताया कि शत प्रतिशत कंबल का वितरण संबंधित प्रखंडों में प्रखंड विकास अधिकारी के द्वारा जरूरतमंदों के बीच कर दिया गया है।   उन्होंने बताया कि इसके लिए 5 लाख 46 हजार रुपए का आवंटन प्राप्त हुआ था। जरूरतमंदों यथा रिक्शा चालकों, दिव्यांगजन, वृद्धजन आदि  के बीच कंबल का वितरित कर दिया गया है।

ज़िलाधिकारी द्वारा सभी अंचल अधिकारियों एवं नगर कार्यपालक पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत मुख्य स्थानों पर नियमित तौर पर अलाव की व्यवस्था करने एवं रैन बसेरों/ आश्रय घरों का संचालन करने का निर्देश दिया गया है ताकि ठंड के कारण किसी को कोई समस्या ना हो।

डीएम आशुतोष कुमार वर्मा ने आवश्यकतानुसार अलाव स्थलों तथा रैन बसेरों/ आश्रय घरों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया है। उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को इसका अनुश्रवण करने का निर्देश दिया है।

डीएम ने आम जनता से भी बढ़ते ठंड के मद्देनजर एडवायजरी का अनुपालन करने का आह्वान किया है। बढ़ती शीतलहर में किसी भी जिले वासियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो इसके लिए सभी अंचल अधिकारी और प्रखंड विकास अधिकारी को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिया गया है।

No comments