Header Ads

Breaking News

Nawada News : सीएम नीतीश ने वारिसलीगंज में अडानी समूह के अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री का किया शिलान्यास, लगाए ईंट

  


सीएम नीतीश ने वारिसलीगंज में अडानी समूह के अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री का किया शिलान्यास, लगाए ईंट


नवादा लाइव नेटवर्क


मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार 3 अगस्त को वारिसलीगंज नगर परिषद क्षेत्र में पूर्व के चीनी मिल की भूमि पर स्थापित हो रहे अडानी समूह के अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री का शिलान्यास किया। प्रोजेक्ट पर अडानी समूह 1600 करोड़ रूपये खर्च करने जा रही है।


 इस मौके पर बिहार सरकार के उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा, वन-पर्यावरण व सहकारिता मंत्री सह नवादा जिला प्रभारी मंत्री डॉ. प्रेम कुमार, नवादा सांसद विवेक ठाकुर, वारिसलीगंज विधायक अरूणा देवी, डीएम आशुतोष कुमार वर्मा, एसपी अंब्रिश राहुल, अडानी समूह के प्रणव अडानी तथा अडानी ग्रुप के सीईओ अजय कपूर सहित सीमेंट फैक्ट्री के कई पदाधिकारी एवं अभियंता मौजूद थे।

 


मुख्यमंत्री ने सबसे पहले ईंट लगाकर सीमेंट ग्रन्डिंग यूनिट की आधारशीला रखी। उसके बाद शिलापट्ट का पर्दा हटाया। करीब 15 मिनट तक फैक्ट्री में रूककर सीमेंट प्लांट से संबंधित डेमो को देखा। उक्त जमीन को वियाडा के द्वारा अडानी समूह को दिया गया है, जिसपर अनुमानित 1600 करोड़ की लागत से अंबुजा सीमेंट व बिल्डिंग मेटेरियल उत्पाद से जुड़ा उद्योग स्थापित होगा।


कहा जा रहा है कि अडानी समूह द्वारा 6.0 एमटीपीए का सीमेंट ग्रन्डिंग यूनिट स्थापित किया जा रहा है, जिसमें प्रत्यक्ष रूप से करीब 2 हजार और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 5 हजार लोगों को रोजगार मिल सकेगा। उद्योग की स्थापना से नवादा समेत बिहारवासियों में एक उत्साह का संचार हो रहा है, क्योंकि बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद बढ़ी है।

 


बता दें कि साल 1992-1993 पेराई सत्र के बाद से वारिसलीगंज चीनी मिल बंद है। चीनी मिल बंद होने के बाद क्षेत्र के किसानों के समक्ष आर्थिक समस्या उत्पन्न हो गई थी। काफी समय तक चीनी मील को चालू किए जाने की मांग होती रही।


अडानी ग्रुप की अधिकारीयों ने बताया कि सीमेंट फैक्ट्री उच्च क्वालिटी के मशीनों से युक्त होगा। शहर वासियों की सुविधा का पूरा ख्याल रखा जाएगा। साइंस टेक्नोलॉजी बढ़ा है। धूलकण को मशीन द्वारा फैक्ट्री परिसर में ही दबा दिया जाएगा। शहरवासियों के लिए एक अत्याधुनिक स्टेडियम अंबुजा कंपनी के द्वारा दिया जाएगा।

 


सीएम के आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतेजाम किए गए थे। मुख्यमंत्री के आने के पूर्व वारिसलीगंज बाजार पुलिस छावनी मे तब्दील कर दिया गया था। वारिसलीगंज सर्किल इंस्पेक्टर धर्मेन्द्र कुमार तथा थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रूपेश कुमार सिन्हा सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल रखे थे।


बता दें कि सीएम को हेलीकॉप्टर से नवादा आना था। लेकिन शुक्रवार की शाम से ही हो रही लगातार बारिश शनिवार की सुबह तक जारी रहा। इस कारण सीएम सड़क मार्ग से पहुंचे। पहले ककोलत गए, फिर वारिसलीगंज पहुंचे। हालांकि, वे ज्यादा देर नहीं रूके। शिलान्यास के बाद फैक्ट्री स्थापना से संबंधित तकनीकी जानकारी लेकर रवाना हो गए।

 


सुरक्षा व्यवस्था को बताया धत्ता


सीएम के आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के दावे किए गए। लेकिन, आलम ये रहा कि वियाडा परिसर के चहारदिवारी को फांदकर अंदर प्रवेश कर गए। पुलिस जवानों को उनपर काबू पाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सीमेंट फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा अतिथियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी। जहां अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। कार्यक्रम को लेकर सीमेंट फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा खास लोगों को ही आमंत्रित किया गया था। 

 


No comments