Header Ads

Breaking News

Nawada News : दुर्गा पूजा में डीजे प्रतिबंधित, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए लेना होगा अनुमति, शांति समिति की बैठक में डीएम-एसपी ने तैयारियों की दी जानकारी



दुर्गा पूजा में डीजे प्रतिबंधित, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए लेना होगा अनुमति, शांति समिति की बैठक में डीएम-एसपी ने तैयारियों की दी जानकारी

नवादा लाइव नेटवर्क।


डीएम नवादा आशुतोष कुमार वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने बुधवार को दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में मनाने के लिए शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक की। डीएम ने कहा कि पर्व/त्याहारों के दृष्टिकोण से नवादा जिला संवेदनशील रहा है। दुर्गा पूजा 03 से 12 अक्टूवर 2024 तक निर्धारित है। रावण वध को शांतिपूर्ण ढ़ंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन के द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।

 


उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विसर्जन जुलूस के मार्ग का भौतिक सत्यापन ससमय कर लें। सभी पूजा पंडालों के आयोजकों को शर्तों के अधीन कार्य करना होगा। बिना लाईसेंस के जुलूस की अनुमति नहीं होगी। सरकार के मानक का अनुपालन करना अनिवार्य होगा। डीजे पर प्रतिबंध रहेगा, अस्त्र-शस्त्र का प्रयोग नहीं होगा, सोशल मीडिया पर पैनी नजर रहेगी, मूर्ति की उंचाई 20 फीट एवं पंडाल की उंचाई 40 फीट से अधिक न हो। मेला में ट्रैफिक व्यवस्था संधारण करने के लिए अधिकारियों कई आवश्यक निर्देश दिए गए हैं

 


डीएम ने कहा कि मेला में काफी भीड़ लगने की संभावना है। मेला में प्रायः बच्चे और वृद्धजनों के भूल जाने की समस्या आती है। उन्होंने कहा कि सभी अविभावक अपने-अपने बच्चों और वृद्धजनों के पैकेट में पूरा पता और मोबाईल नम्बर लिखकर डालना न भूलें। इससे यदि कोई बच्चा/वृद्धजन रास्ता भटक जाते हैं तो उन्हें जिला प्रशासन उनके मोबाईल नम्बर और पते के माध्यम से उनके घरों तक पहुंचाने के लिए हर संभव कदम उठायेगा। मेला में अपने-अपने बच्चों का हाथ ना छोड़ें, भीड़- वाले स्थलों पर जिला प्रशासन के द्वारा सिविल ड्रेस में महिला एवं पुलिस बलों की काफी संख्या में प्रतिनियुक्ति की जा रही है। छतों के उपर से भी निगरानी की जायेगी। अफवाह फैलाने वाले एवं अश्लील हरकत करने वाले व्यक्तियों पर सख्ती से निपटा जायेगा।

 


एसपी ने कहा कि सभी पूजा पंडालों में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जा रही है। शहर के ट्रैफिक पर भी ध्यान रहेगा। संवेदनशल स्थलों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। उन्होंने जिला स्तरीय शांति समिति के सदस्यों से दुर्गा पूजा मेला में कंधे से कंधे मिलाकर कार्य करने का अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग की जायेगी। बाकर्स पर पैनी नजर रहेगी, जिसके लिए स्पेशल ड्राइव चलाया जाएगा। डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

  


अनुमंडल पदाधिकारी नवादा सदर अखिलेश कुमार ने कहा कि इस वर्ष नवादा अनुमंडल अंतर्गत 144 पूजा समितियों को लाईसेंस दिया गया है एवं अनुमंडल पदाधिकारी रजौली द्वारा बताया गया कि रजौली अनुमंडल अन्तर्गत 93 पूजा समितियों को लाईसेंस दिया गया है। इस तरह जिले में कुल 237 पूजा समितियों को लाईसेंस दिया गया है।


 सभी पूजा समितियों को निर्देश दिया गया है प्रत्येक पूजा पंडाल में दो प्रवेश द्वार एवं दो निकास द्वार रहेंगे, जिसमें पुरूष एवं महिला के लिए अलग-अलग व्यवस्था की जायेगी। साथ ही प्रत्येक पूजा पंडाल पर चार सीसीटीवी कैमरा लगाना सुनिश्चित करेंगे। पूजा समिति के आयोजकों एवं पदाधिकारियों का नम्बर का सूची पूजा पंडाल में चिपकाया जायेगा तथा किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए बालू, पानी, आदि की व्यवस्था किये जाने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त सांस्कृतिक कार्यक्रम की अनुमति के लिए सूचना पूर्व ही देनी होगी।

 


डीएम द्वारा बताया गया कि सभी 60 संवेदनशील एवं 52 अतिसंवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जायेगी। सभी जुलूस का वीडियोग्राफी कराया जायेगा। सिविल सर्जन द्वारा बताया गया कि स्वास्थ्य से संबंधित सेवा 24x7 उपलब्ध करायी जायेगी। शांति समिति के सदस्यों ने दुर्गा पूजा के अवसर पर शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए अपना-अपना सुझाव साझा किया। जिसपर डीएम ने आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया संबंधित पदाधिकारियों को दिया।

 


बैठक में नगर परिषद अध्यक्षा श्रीमती पिंकी कुमारी, सिविल सर्जन नवादा, अपर समाहर्त्ता नवादा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नवादा सदर/हिसुआ/पकरीबरावां/रजौली, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ-साथ अधिकारी और जिला स्तरीय शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे। 

No comments