Header Ads

Breaking News

Nawada News : पकरीबरावां पहुंचे चिराग ने कहा, पिता की मौत के बाद मेरे खिलाफ शुरू हुआ राजनीतिक षडयंत्र

पकरीबरावां पहुंचे चिराग ने कहा, पिता की मौत के बाद मेरे खिलाफ शुरू हुआ राजनीतिक षडयंत्र

धेवधा गांव में सांसद चिराग ने किया बाबा चौहरमल की प्रतिमा का अनावरण

नवादा लाइव नेटवर्क।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह जमुई सांसद चिराग पासवान रविवार को नवादा जिले के पकरीबरावां प्रखंड के धेवधा गांव पहुंचे। उन्होंने धेवधा में पासवान समाज के कुल देवता बाबा चौहरमल की प्रतिमा का अनावरण किया। 

 



मौके पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने अपना नारा बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट काे बुलंद किया। कहा कि उन्हें समाप्त करने की साजिश रची गई है। पार्टी को तोड़ने का काम किया गया, परंतु लोग भूल गए कि चिराग पासवान अलग ही मिट्टी का बना हुआ है। लोग जितने भी षड्यंत्र कर लें, वे झुकने वाले नहीं हैं। बिहार एवं बिहारियों के लिए हमेशा से खड़े हैं। उन्होंने चाचा पशुपति पारस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पिताजी का देहांत होते ही वे षड्यंत्र में जुट गए।



उन्होंने कहा कि हमें किसी पद की लालसा नहीं है। सिर्फ बिहार एवं बिहारियों के लिए काम करना चाहते हैं। बिहार की एक अलग पहचान हो, इसके लिए मुहिम छेड़ चुके हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सूबे में क्राइम का ग्राफ बढ़ा है। हत्या, लूट, बलात्कार जैसी घटनाएं बढ़ी है। सरकार इसे रोकने में विफल साबित हो रही है। 

 


पूरे भाषण के दौरान उन्होंने एक बार भी तेजस्वी व लालू यादव का नाम नहीं लिया। उन्होंने धेवधा के लोगों को प्यार व सम्मान के लिए धन्यवाद दिया। मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता धीरेंद्र कुमार मुन्ना, जिलाध्यक्ष मनोज सिंह, पकरीबरावां प्रखंड अध्यक्ष उत्तम पासवान, सरपंच दामोदर पासवान, दिवाकर पासवान आदि मौजूद थे। इसके पूर्व कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे सांसद का जोरदार स्वागत पार्टी कार्यकर्ताओं व समर्थकों द्वारा किया गया। लौटने के क्रम में चिराग पासवान पकरीबरावां प्रखंड परिसर स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

No comments