Header Ads

Breaking News

Nawada news : पंचायत उपचुनाव के वोटों की गणना की तैयारियां पूरी, डीएम_एसपी का जॉइंट ऑर्डर जारी, नारदीगंज जिला परिषद सीट के परिणाम पर जिले भर के लोगों की नजर



पंचायत उपचुनाव के वोटों की गणना की तैयारियां पूरी, डीएम_एसपी का जॉइंट ऑर्डर जारी, नारदीगंज जिला परिषद सीट के परिणाम पर जिले भर के लोगों की नजर 

नवादा लाइव नेटवर्क।

पंचायत उप चुनाव 2023 के वोटों की गिनती शनिवार को होगी। इसके लिए जरूरी तैयारियां कर ली गई है। सबसे ज्यादा उत्सुकता लोगों की नारदीगंज भाग 1 जिला परिषद की सीट पर है। वहां के नतीजे किसके पक्ष में जाता है, इसपर बड़े राजनीतिज्ञों की नजर है। प्रतिष्ठा की लड़ाई का सीट माना जा रहा है।

नवादा जिले के 8 प्रखंडों में ग्राम पंचायत सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, ग्राम कचहरी पंच एवं ग्राम कचहरी सरपंच के रिक्त पदों पर हुए मतदान 25 मई को हुआ था। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 27 मई को मतगणना निर्धारित है। मतगणना का काम 08ः00 बजे सुबह से प्रखंड मुख्यालयों में बनाए गए मतगणना केंद्र पर होगा। सभी परिणाम दोपहर 12 बजे तक घोषित होने के संभावना है।

जिला प्रशासन द्वारा मतगणना कार्य स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत)-सह-प्रभारी जिला पदाधिकारी, नवादा दीपक कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल द्वारा संयुक्त आदेश जारी किया गया है। 


जानिए मतगणना केन्द्र के बारे में:-

  पकरीबरावां-मनरेगा भवन, पकरीबरावां, 

नारदीगंज-इंटर विद्यालय नारदीगंज,

 रजौली-प्रखंड सभागार रजौली, 

अकबरपुर-प्रखंड सभागार अकबरपुर, 

कौआकोल- प्रखंड कार्यालय का सभाभवन कौआकोल,

 मेसकौर-प्रखंड कार्यालय के निचले फ्लोर के दक्षिणी भाग में प्रखंड सभागार मेसकौर, 

सिरदला-सभाकक्ष किसान भवन सिरदला, 

वारिसलीगंज-प्राथमिक विद्यालय प्रखंड काॅलनी वारिसलीगंज।

     मतगणना कार्य स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु संबंधित प्रखंडों के मतगणना केन्द्रों पर दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बलों के साथ लाठी बल की प्रतिनियुक्ति की गयी है। विधि-व्यवस्था संधारण करने के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को  सुबह 06ः00 बजे से अपना-अपना स्थान ग्रहण करने का आदेश दिया गया है।

         मतगणना केन्द्र पर बने ड्राॅप गेट पर अनावश्यक रूप से भीड़-भाड़, अनाधिकृत रूप से वाहन का प्रवेश पर रोक रहेगी

प्रथम स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के अन्तर्गत सभी मतगणना केन्द्र के 100 मीटर के दायरे को सुरक्षित जोन घोषित किया गया है। मतगणना केन्द्र के अन्दर खैनी, बीड़ी, सिगरेट, दिया सलाई, लाईटर, मोबाईल, सेलफोन, गुटखा, चाकू, छुरी आदि ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है। इसके अतिरिक्त वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी एवं सीसीटीवी की भी व्यवस्था की गयी है, जिससे सम्पूर्ण मतगणना प्रक्रिया पर पैनी नजर रखी जा सकेगी। 


   मतगणना की तिथि को संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा सभी मतगणना केन्द्र के 200 मीटर की परिधि में प्रातः 06ः00 बजे से मतगणना की समाप्ति एवं अंतिम परिणाम की घोषणा के चार घंटे बाद तक धारा 144 के अन्तर्गत निषेधाज्ञा लागू रहेगा। 

सभी अंचलाधिकारी एवं सभी संबंधित थानाध्यक्ष मतगणना के तिथि को विधि-व्यवस्था संधारित रखेंगे एवं पेट्रोलिंग करेंगे। सिविल सर्जन द्वारा एम्बुलेंस, जीवन रक्षक दवाओं के साथ दो  चिकित्सक एवं पर्याप्त संख्या में मेडिकल तकनीकी स्टाफ तथा नर्स की प्रतिनियुक्ति की जायेगी। मतगणना स्थल पर अग्निषाम दस्ता, दंगारोधी वाहन की व्यवस्था रहेगी। 

अभ्यर्थी के समर्थकों द्वारा जुलूस, नारेवाजी आदि पर पूर्णतः रोक रहेगी। कोविड-19 से बचने हेतु मतगणना कार्य में संलग्न प्रत्येक व्यक्ति द्वारा अनिवार्य रूप से मास्क तथा हैंड सेनेटाईजर का प्रयोग किया जायेगा। 

     पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जिला स्तरीय, अनुमंडल स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गयी है। नियंत्रण कक्ष में पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है।


     नारदीगंज प्रखंड में मतगणना का कार्य शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु सम्पूर्ण वरीय प्रभार में श्रीमती अनुपम सिंह, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, नवादा को प्रतिनियुक्त किया गया है। 

संबंधित प्रखंडों में पर्यवेक्षकीय पदाधिकारी एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है। मतगणना के निर्धारित तिथि को संबंधित अनुमंडल दंडाधिकारी एवं संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विधि-व्यवस्था के सम्पूर्ण प्रभार में रहेंगे तथा विधि-व्यवस्था पर कड़ी नजर रखेंगे। 

विधि-व्यवस्था के वरीय प्रभार में उज्ज्वल कुमार सिंह, अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, नवादा एवं मदन कुमार पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), पुलिस केन्द्र, नवादा बनाए गए हैं।

No comments